निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डीसीएलआर को जमीन संबंधी अपीलीय मामलों के त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक रणनीति, प्रक्रिया एवं पद्धति से अवगत कराया। उन्होंने कार्यालय में तैनात कर्मियों में से 4 को पेशकार के रूप में जवाबदेही देने तथा उनमें से प्रत्येक को 600-700 लंबित मामलों का दायित्व देने का निर्देश दिया। डीसीएलआर को सप्ताह में 5 से 6 दिन कोर्ट करने तथा विभिन्न पक्षकारों को नोटिस निर्गत कर दैनिक सुनवाई करने तथा आदेश पारित करने को कहा। उल्लेखनीय है कि डीसीएलआर पूर्वी कार्यालय में लगभग 3000 तथा डीसीएलआर पश्चिमी में करीब 2500 मामले लंबित हैं। डीएम ने दोनों डीसीएलआर को उक्त पद्धति का पालन करते हुए प्राथमिकता के आधार पर 3 माह के भीतर लंबित मामलों के निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही नये मामलों के प्रति भी पूरी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही से कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह लंबित मामलों की समीक्षा कर कार्य में प्रगति लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि डीसीएलआर का मूल दायित्व जमीन से संबंधित अपीलीय वाद की सुनवाई करना है। जमीन संबंधी अपीलीय वाद के निष्पादन में ऑनलाइन प्रक्रिया के समावेश के कारण सरकारी कामकाज में पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बढी है।
डीसीएलआर पूर्वी एवं पश्चिमी कार्यालय में लिपिक एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर की संख्या पर्याप्त है। जिलाधिकारी ने कर्मियों के बीच कार्य का बंटवारा करने तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन कर्मियों के द्वारा संचिका के उपस्थापन एवं पत्रों के निष्पादन में लापरवाही तथा शिथिलता पायी जाएगी उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यालय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय के रोकड़ पंजी, आगत पंजी, निर्गत पंजी के अद्यतन स्थिति की जांच की तथा सही पाया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय के अन्य कार्यों के लंबित रखने एवं निष्पादन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। ऐसे मामलों में सूचना का अधिकार ,लोक शिकायत, जन शिकायत, नीलाम पत्रवाद ,सेवा का अधिकार, सेवांत लाभ, डीएम /सीएम जनता दरबार के मामले, मानवाधिकार, लोकायुक्त के मामले,हाई कोर्ट केस, आपदा मामले , सरकारी भूमि के हस्तांतरण संबंधी अभिलेख की स्थिति आदि के मामले की समीक्षा कर कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी के साथ अपर समाहर्ता राजस्व श्री संजीव कुमार, अपर समाहर्ता विधि व्यवस्था, श्री सुधीर कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता आपदा श्री मनोज कुमार अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी श्री अमित कुमार अनुमंडल पदाधिकारी पश्चिमी श्री बृजेश कुमार सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
191
