ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और आम लोगों तक स्वास्थ्य जागरूकता पहुंचाने की दिशा में कैमूर में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। सदर अस्पताल, भभुआ में आर्स हेल्थ इंडिया फाउंडेशन (AARSH Health India Foundation) के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं जन-जागरूकता प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में ग्रामीण चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में कैमूर के सिविल सर्जन एवं अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO) की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान सिविल सर्जन ने ग्रामीण चिकित्सकों को बधाई देते हुए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के लिए उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के प्रति जागरूक करने में ग्रामीण चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
सिविल सर्जन ने चिकित्सकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र और नियमों के दायरे में रहकर समाज की सेवा करें। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि कोई भी गलत कार्य नहीं करें तथा मरीजों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए जिम्मेदारीपूर्वक काम करें।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान NIOS के निर्देशानुसार ग्रामीण चिकित्सकों को कम्युनिटी हेल्थ प्रमोटर (Community Health Promoter) के रूप में स्वास्थ्य विभाग से जुड़ने की प्रक्रिया और भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही संक्रामक रोगों की रोकथाम, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, जन-जागरूकता तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान आगामी 6 दिसंबर 2026 को शेरशाह इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस एंड हॉस्पिटल, सासाराम में आयोजित होने वाले शिक्षा एवं स्वास्थ्य महासमागम तथा सम्मान समारोह-2026 के लिए ग्रामीण चिकित्सकों, अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रबुद्धजनों को आमंत्रित किया गया।
शिविर के समापन पर फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने उपस्थित अतिथियों और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना, चिकित्सकों को जागरूक करना और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।
27