- 14 माइल के पास एम्बुश लगाकर की गई निगरानी, फ्लाईओवर ब्रिज के समीप पीछा कर पकड़ा गया ट्रक
चरही (हजारीबाग): अवैध कोयला खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की केऔसुब इकाई एनटीपीसी-सीएमपी, हजारीबाग ने बड़ी कार्रवाई की है। CISF की टीम ने चरही क्षेत्र में छापेमारी एवं निगरानी अभियान के दौरान अवैध कोयला लदे एक ट्रक को जब्त किया है। इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध कोयला खनन एवं उसके गैरकानूनी परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से CISF द्वारा चरही के 14 माइल के आसपास के क्षेत्रों में विशेष एम्बुश लगाया गया था। इसी दौरान 9 नवंबर 2026 की देर रात करीब 3:30 बजे एम्बुश पार्टी की नजर अवैध कोयला लदे एक ट्रक पर पड़ी। स्थिति को देखते हुए जवानों ने तत्काल इसकी सूचना क्विक रिएक्शन टीम (QRT) को दी।
सूचना मिलते ही QRT की टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया। करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद टीम ने चरही फ्लाईओवर ब्रिज के समीप ट्रक को रोकने में सफलता हासिल की। इसके बाद ट्रक की जांच की गई। जांच के दौरान चालक की ओर से कोयले के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। दस्तावेजों के अभाव में CISF ने अवैध कोयला लदे ट्रक को जब्त कर लिया।
CISF की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध कोयला खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगातार की जा रही निगरानी और त्वरित कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार में शामिल तत्वों पर दबाव बढ़ने की उम्मीद है।
18