- छठ घाटों पर मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए एंबुलेंस टीमें रहेंगी सतर्क, जरूरतमंदों को मिलेगी तत्काल निःशुल्क सहायता
पश्चिम चंपारण। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और घाटों पर होने वाली आवाजाही को देखते हुए पश्चिम चंपारण में संचालित 102 एंबुलेंस सेवा को अलर्ट मोड पर रखा गया है। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की मेडिकल इमरजेंसी, सड़क दुर्घटना, डूबने की घटना या अन्य स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस टीमों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार के सहयोग से ज़ेनप्लस सर्विसेज द्वारा 102 एंबुलेंस सेवा का निःशुल्क संचालन किया जा रहा है।
छठ पूजा के अवसर पर पश्चिम चंपारण सहित जिले के विभिन्न क्षत्रों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी, तालाबों और अन्य जलाशयों के किनारे बने घाटों पर पहुंचते हैं। विशेष रूप से संध्या अर्घ्य और प्रातःकालीन अर्घ्य के दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहती है। इस दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की बड़ी संख्या में मौजूदगी के कारण अचानक तबीयत बिगड़ने, चक्कर आने, बेहोशी, सांस लेने में परेशानी, पानी में डूबने, फिसलने से चोट लगने और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों की आशंका बनी रहती है। इसे ध्यान में रखते हुए 102 एंबुलेंस सेवा की टीमों को विशेष सतर्कता बरतने और आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए हैं।
पश्चिम चंपारण जिले में कुल 73 एंबुलेंस संचालित की जा रही हैं। इनमें 19 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस (एएलएसए), 50 बेसिक लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस (बीएलएसए) और 4 शव वाहन शामिल हैं। प्रत्येक एंबुलेंस में चालक के साथ प्रशिक्षित इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) तैनात रहते हैं, जो आपात स्थिति में मरीज को प्राथमिक उपचार देने में सक्षम हैं। इन एंबुलेंसों का उपयोग मेडिकल कॉलेज, सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से मरीजों के परिवहन के लिए किया जाता है।
छठ पूजा के दौरान घाटों और प्रमुख संपर्क मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए ऑपरेशन टीम द्वारा एंबुलेंस की उपलब्धता, तैनाती और रिस्पॉन्स टाइम की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता के अनुसार भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही कॉल सेंटर टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपातकालीन कॉल पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर चिकित्सा सहायता पहुंचाई जा सके।
अक्टूबर 2026 में पश्चिम चंपारण जिले में 102 एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से कुल 6,209 मरीजों और जरूरतमंदों को सहायता प्रदान की गई। इनमें 4,632 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा 110 नवजात एवं गंभीर मरीजों, 205 सड़क दुर्घटना पीड़ितों तथा 1,262 अन्य मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में सेवा ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। छठ पूजा के दौरान भी सेवा को निर्बाध बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए पूरी टीम सक्रिय रहेगी।
ज़ेनप्लस सर्विसेज, बिहार के प्रोजेक्ट हेड दीपक श्रीवास्तव ने कहा, “छठ पूजा आस्था और श्रद्धा का महापर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। हमारी प्राथमिकता है कि त्योहार के दौरान किसी भी मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में लोगों को तत्काल और भरोसेमंद एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जा सके। इसके लिए हमारी ऑपरेशन टीम, एंबुलेंस कर्मियों और कॉल सेंटर टीम को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरतमंद मरीज को बिना देरी के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल तक पहुंचाया जा सके।”
एसीओ नितेश कुमार सिंह ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि छठ घाटों पर विशेष सावधानी बरतें, बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखें तथा किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति में घबराएं नहीं। जरूरत पड़ने पर 102 पर कॉल कर निःशुल्क एंबुलेंस सेवा की सहायता लें।
11