जिस बेटी को गोद में खिलाया, उसी का जिंदा रहते कर दिया श्राद्ध; इंटरकास्ट मैरिज से नाराज थे पिता-भाई

Live News 24x7
2 Min Read

बिहार के कटिहार में एक बेटी ने अपने प्यार को चुना, लेकिन उसका यह फैसला परिवार को मंजूर नहीं हुआ. दूसरी जाति के युवक से लव मैरिज करने पर पिता और भाई इतने नाराज हुए कि उन्होंने जीते-जी बेटी का श्राद्ध कर्म कर दिया. जिस बेटी के साथ परिवार ने जिंदगी के अनगिनत पल बिताए उसी से सारे रिश्ते खत्म करने का फैसला कर लिया. घटना की चर्चा इलाके में हो रही है.मामला कदवा थाना क्षेत्र के निझरा गांव का बताया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार, श्याम ठाकुर की बेटी ने परिवार की मर्जी के खिलाफ पहलागढ़ गांव के रहने वाले अजय पासवान से शादी कर ली. अजय पासवान मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना पासवान के पुत्र बताए जा रहे हैं. दोनों की इंटर कास्ट मैरिज से लड़की के घरवाले नाराज हो गए. बेटी ने अपने प्यार के साथ नई जिंदगी शुरू करने का फैसला किया. लेकिन परिवार ने उसके इस फैसले को स्वीकार करने के बजाय उससे नाता तोड़ने का रास्ता चुना.

जीवित बेटी का किया श्राद्ध कर्म

बताया जा रहा है कि पिता और भाई ने बेटी के जीवित रहते ही उसका श्राद्ध कर्म कर दिया. साथ ही भविष्य में उससे कोई रिश्ता नहीं रखने की बात भी कही. यह घटना एक परिवार के टूटते रिश्तों की कहानी बयां कर रही है. एक तरफ बेटी ने अपनी पसंद का जीवनसाथी चुना तो दूसरी तरफ परिवार ने उसे अपने जीवन से ही बेदखल करने जैसा कदम उठा लिया. जिस घर में कभी बेटी की हंसी गूंजती थी, वहां अब रिश्ते खत्म करने की बात हो रही है.

लव मैरिज से पिता-भाई थे नाराज

लव मैरिज के बाद परिवार के फैसले को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या अपनी पसंद से शादी करने का फैसला इतना बड़ा हो सकता है कि माता-पिता अपनी ही बेटी को जीते-जी मृत मान लें. फिलहाल, मामले में संबंधित पक्षों की विस्तृत प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है.

19
Share This Article
Leave a review

Leave a review

Your email address will not be published. Required fields are marked *