मोतिहारी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान अनियमितता और एक व्यक्ति से रुपये मांगने की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच के बाद गश्ती दल में शामिल चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबित पुलिसकर्मियों में पुलिस अवर निरीक्षक देव मोहन सिंह, सिपाही रवि रंजन कुमार, सिपाही अभय कुमार और महिला सिपाही हेमा कुमारी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, नौ सितंबर की शाम गश्ती के दौरान उक्त पुलिसकर्मियों पर ओमप्रकाश कुमार को कथित रूप से छोड़ने के एवज में रुपये मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत के बाद मामले की जांच प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक कुमारी प्रियंका से कराई गई। जांच में सामने आया कि गश्ती दल ने ओमप्रकाश कुमार के घर में प्रवेश कर तलाशी ली थी, लेकिन कोई आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बावजूद उन पर रुपये देने के लिए दबाव बनाए जाने की बात जांच में सामने आई। पुलिसकर्मियों और चालक ने घटना से अनभिज्ञता जताई, जबकि आसपास के लोगों से पूछताछ में शिकायत की पुष्टि हुई।
जांच में यह भी पाया गया कि ओमप्रकाश कुमार को वाहन से ले जाने तथा गश्ती के दौरान हुई घटना की सूचना थाना प्रभारी अथवा किसी वरीय अधिकारी को नहीं दी गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिसकर्मियों के आचरण को गंभीर अनुशासनहीनता और संदिग्ध आचरण मानते हुए चारों को निलंबित किया गया।
16